जमीनी विवाद में चली गोलियां, आधा दर्जन घायल

 उपमंडल के गांव जमालगढ़ में भूमि विवाद के कारण बृहस्पतिवार को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे और फायरिंग भी हुई। झगडे़ में आधा दर्जन लोग घायल हो गए जिनमें से कई की हालत नाजुक बनी हुई हैं। दो लोगों को गोली लगी हैं, जिन्हें गंभीर हालत में नलहड़ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुन्हाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना दोपहर की है, पुलिस घायलों का बयान दर्ज करने में जुटी हुई है।


गांव जमालगढ़ में उमरदीन पुत्र सुमेर व मिनहाज पुत्र सुब्दा के बीच किसी पारिवारिक भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बृहस्पतिवार को दोनो पक्षों में पहले तू-तू, मैं-मैं हो गई, जिसके बाद में हिंसक झड़प हो गई। संघर्ष के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले और फायरिंग भी हुई। इस दौरान मिनहाज को पैर में व आरिफ को कमर में गोली लगी। जिन्हें गंभीर हालत में नलहड़ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। इसके अलावा दूसरे गुट के उमरदीन व अन्य को भी गंभीर हालत में पुन्हाना सीएचसी में भर्ती कराया गया, जिन्हें दिल्ली के लिए रेफर कर दिया गया है।
वहीं पुन्हाना थाना प्रभारी अजयवीर भड़ाना ने बताया कि दोनों गुटों के लोगों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। फिलहाल मामले की शिकायत नहीं आई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा।